7 महीने बाद खुला रमेश ज्वेलर्स चोरी कांड का राज, 6.80 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

200 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद सीपत पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, चोरी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त

 

सीपत/बिलासपुर। ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में फरवरी माह में हुई लाखों रुपये की चोरी का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। करीब 7 महीने तक चली जांच के बाद सीपत पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों सहित चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 2.88 किलोग्राम चांदी, 13.30 ग्राम सोने के जेवर, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 6.80 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी 2026 की शाम ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स के संचालक विभूति विनय सोनी दुकान बंद कर रहे थे। उसी दौरान चेहरे पर गमछा बांधे एक बदमाश दुकान के बाहर रखे दो बैग, जिनमें सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद थे, उठाकर पहले से इंतजार कर रहे अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लगातार आरोपियों की तलाश जारी रखी।

जांच के दौरान पेंड्रा जिले के कोटमीकला चौकी में दर्ज एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में इस चोरी का खुलासा हुआ। आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते हुए चोरी के जेवर आपस में बांटने तथा कुछ सामान बेचने की जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी खुशीराम साहू (65), मनीष उर्फ राहुल मंडल (30), राजाराम साहू (25) तथा चोरी के जेवर खरीदने वाले दीपक वर्मा (42) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-10-BF-2654), सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामग्री बरामद की गई। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने इस पूरे मामले के सफल खुलासे का श्रेय एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत की संयुक्त टीम को दिया है, जिसने लंबे समय तक तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर इस चर्चित चोरी का पर्दाफाश किया।