✍️ भागीरथी यादव
रायपुर। राजधानी रायपुर में आपसी विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आजाद चौक थाना क्षेत्र के लाखेनगर चौक में 11 नवंबर की रात हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने युवक के सीने पर लोहे के धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद यूनुस (25 वर्ष), निवासी ईदगाह भाठा के रूप में हुई है। वहीं आरोपी शेख नाजिर (41 वर्ष), निवासी ईदगाह भाठा बताया गया है। दोनों के बीच लाखेनगर चौक में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने यूनुस के सीने पर धारदार लोहे के हथियार से हमला कर दिया।
हमले में यूनुस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
