जिला जेल का निरीक्षण: बंदियों को मिल रही सुविधाओं का लिया गया जायजा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 24 मार्च 2026।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री संतोष शर्मा ने आज जिला जेल का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनके मामलों की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

निरीक्षण के दौरान जेल में भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया। न्यायाधीश ने पाकशाला की साफ-सफाई, स्वास्थ्य जांच व्यवस्था, आवासीय सुविधाएं, पेयजल उपलब्धता, स्नानागार एवं शौचालयों की स्वच्छता का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

जेल परिसर में पेयजल आपूर्ति हेतु पाइपलाइन व्यवस्था तथा बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों के लिए बाहरी परिसर में बनाए गए शेड का भी निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संचालित सुविधाओं एवं जेल लीगल एड क्लिनिक की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया गया।

इस अवसर पर बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. मयूरा गुप्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कु. डिम्पल, अतिरिक्त कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीतिश सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।