
✍️ भागीरथी यादव
बाकीमोंगरा, कोरबा (छत्तीसगढ़)।
नगर पालिका परिषद बाकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 13 में अब शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर एक अहम मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र में एक आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी भवन के निर्माण की आवश्यकता को लेकर पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर ठोस पहल करने का आग्रह किया है।
पार्षद मिश्रा ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय में प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों के लिए युवाओं के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है, लेकिन वार्ड में अध्ययन हेतु उपयुक्त वातावरण और संसाधनों की कमी महसूस की जा रही है। ऐसे में एक सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना न केवल विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगी, बल्कि उनके लक्ष्य तक पहुंचने में भी सहायक साबित होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि लाइब्रेरी भवन बनने से क्षेत्र में शैक्षणिक माहौल को मजबूती मिलेगी और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी। यह कदम वार्ड के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं, स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। उनका कहना है कि एक सुसज्जित लाइब्रेरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो सकती है।
अब नजरें प्रशासन के फैसले पर टिकी हैं, कि वह इस जनहित की मांग पर कब और कैसे अमल करता है।
