
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में घायल व्यक्ति की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनिल श्रीवास (38 वर्ष), निवासी बनियापारा, जूना बिलासपुर ने 11 अप्रैल 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसी दिन रात करीब 8 बजे वह बिलासा चौक में बैठा था, तभी आरोपी दीपक केंवट (32 वर्ष), निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने कांच की शीशी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और उसके सिर से खून निकलने लगा।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत धारा 119(1), 296, 115(2), 351(3), 118(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश कर पचरीघाट क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
