
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर, 16 अप्रैल 2026।
भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर ने आम नागरिकों को राहत देने के लिए एक संवेदनशील और जनहितकारी निर्णय लिया है। 17 अप्रैल 2026 से प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।
यह निर्णय विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और बीमार व्यक्तियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें तेज धूप में सिग्नल पर रुकने की परेशानी से बचाया जा सके।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह पहल लागू की जा रही है। यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि गर्मी के इस दौर में आमजन को सुरक्षित, सुगम और राहतपूर्ण आवागमन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सिग्नल बंद रहने के बावजूद यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें। साथ ही चौक-चौराहों पर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से सड़क पार कराने में सहयोग करें।
इसके अलावा, लोगों को गर्मी से बचाव के लिए स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की भी सलाह दी गई है। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों से संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
यातायात पुलिस बिलासपुर की यह पहल जनभावनाओं के अनुरूप एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है, जो भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
