
कोरबा/सक्ती।
सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि बड़ी संख्या में घायल मजदूरों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। इस गंभीर घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन किया है। कमेटी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित वरिष्ठ नेता शामिल हैं, जिन्होंने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने पूछा कि आखिर इस हादसे की निष्पक्ष जांच कौन करेगा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी।

वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस हादसे में प्रदेश के कई मजदूरों ने अपनी जान गंवाई है। साथ ही अन्य राज्यों से रोजी-रोटी कमाने आए श्रमिक भी इसकी चपेट में आए हैं, जो राज्य के लिए चिंता का विषय है।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि समय-समय पर सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच होती, तो शायद इस तरह की भयावह घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद सरकार का कोई भी जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर नहीं पहुंचा, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
जांच कमेटी ने अस्पतालों में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना तथा उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। कमेटी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को सौंप दी जाएगी।
इस दौरान कमेटी के सदस्य नोबेल वर्मा, रामकुमार यादव, अटल श्रीवास्तव, बालेश्वर साहू, राघवेंद्र सिंह, व्यास कश्यप, शेषराज हरवंश, रहिम गबेल और राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
