
✍️ भागीरथी यादव
शादी में गए परिवार के सूने घर को बनाया निशाना, छिपाकर रखा गया पूरा सामान बरामद
बिलासपुर, 23 अप्रैल 2026।
थाना सीपत क्षेत्र के ग्राम हिंडाडीह में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया लगभग ₹5 लाख 60 हजार मूल्य का सोना-चांदी एवं नगदी पूरी तरह बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रामेश्वर यादव (19 वर्ष) एवं रोहित दास मानिकपुरी उर्फ राहुल (27 वर्ष) शामिल हैं, दोनों ग्राम हिंडाडीह के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कैसे हुई वारदात?
प्रार्थिया श्यामकली मरावी ने 22 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह घर में ताला लगाकर गांव में आयोजित शादी कार्यक्रम में गई थीं। रात करीब 7:30 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा खुला है और अलमारी का ताला टूटा हुआ है। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब मिले।
चोरी गए सामान में शामिल थे:
सोने का मंगलसूत्र, हार, लॉकेट, झुमके, चांदी के पायल, करधन, चूड़ा, गौफला माला, बिछिया और करीब ₹10-14 हजार नगदी।
पुलिस की तत्परता से खुला मामला
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सीपत द्वारा विशेष टीम गठित कर संदिग्धों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदेह के आधार पर आरोपी रामेश्वर यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती और रणनीतिक पूछताछ के बाद उसने अपने साथी रोहित दास के साथ मिलकर चोरी करना कबूल कर लिया।
ऐसे रची थी साजिश
आरोपियों ने शादी समारोह में परिवार के बाहर होने का फायदा उठाया और सुनसान घर को निशाना बनाया। दोनों ने मिलकर घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और जेवर व नगदी चोरी कर ली। बाद में चोरी का सामान गांव के बाहर खांडा खार क्षेत्र में जमीन में छिपा दिया।
100% मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बताए गए स्थान से संपूर्ण चोरी गया माल बरामद कर लिया। बरामद संपत्ति में सोना-चांदी के आभूषण एवं ₹14,000 नगदी शामिल है।
पुलिस की बड़ी सफलता
सीपत पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
