
✍️ भागीरथी यादव
चेतना विरुद्ध नशा” अभियान के तहत लमकेना में रेड, 13 हजार रुपये की शराब जब्त
बिलासपुर। अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार” अभियान के तहत कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम लमकेना में एक महिला को भारी मात्रा में महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 65 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 13 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 22 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लमकेना में एक महिला अवैध रूप से महुआ शराब का संग्रह कर बिक्री कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर मौके पर रेड कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान आरोपी श्रीमती रामशिला महादेवा (48 वर्ष), निवासी लमकेना, के कब्जे से 4 प्लास्टिक जरीकेन (प्रत्येक 15 लीटर) में भरा 60 लीटर तथा 1 जरीकेन (5 लीटर) में भरा 5 लीटर महुआ शराब बरामद किया गया। कुल 65 लीटर अवैध शराब जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार मरकाम, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, दीप सिंह कंवर, संजय श्याम एवं राकेश महिलांगे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोटा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
