भखारा शराब दुकान परिसर में लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

 

चाकू की नोक पर युवक से नगदी और मोबाइल लूटने वाले आरोपी पुलिस गिरफ्त में

 

धमतरी। थाना भखारा क्षेत्र में शराब दुकान परिसर में युवक से चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश लगातार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को प्रार्थी अपने बड़े भाई के कहने पर शराब और डीजल खरीदने के लिए 3000 रुपये लेकर भखारा आया था। रात करीब 8 बजे जब वह भखारा शराब दुकान परिसर पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद आरोपीगण और एक विधि से संघर्षरत बालक ने उसे रोक लिया और पैसों की मांग करने लगे।

प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी अंशुमन साहू ने धारदार चाकू गले पर अड़ा दिया। वहीं आरोपी लोकेश पटेल और विधि से संघर्षरत बालक ने युवक को पकड़ लिया तथा आरोपी समीर निर्मलकर ने मारपीट कर उसके पास रखे 3000 रुपये नगद और रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुमन साहू पिता ईश्वर साहू उम्र 18 वर्ष निवासी भखारा तथा लोकेश पटेल पिता स्वर्गीय छबीलाल पटेल उम्र 18 वर्ष निवासी भखारा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और नगदी रकम बरामद की गई है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया, जबकि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में लूट, चोरी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।