कोरबा पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सीतामणी निवासी रजनीश शर्मा ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मई 2026 की रात करीब 10:40 बजे उसका बड़ा भाई रोशन शर्मा सीतामणी चौक से सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उसे रोककर गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों, ईंट तथा पंच से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में रोशन शर्मा के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल कोरबा से रायपुर रेफर किया गया।

 

मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 468/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 109 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में नागेश यादव उर्फ मदरासी (19 वर्ष), रिकु यादव (23 वर्ष) और आलोक यादव (19 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी कोरबा के सीतामणी क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की है।