✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में असामाजिक तत्वों एवं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार तलवार और चापड़ जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 27 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रामायण चौक एवं पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास कुछ युवक हाथों में धारदार हथियार लेकर राहगीरों, महिलाओं एवं बच्चों को डरा-धमका रहे हैं तथा गाली-गलौज कर इलाके में दहशत फैला रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सरकंडा पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम (21 वर्ष) निवासी चांटीडीह रामायण चौक सरकंडा तथा राजा ठाकुर (24 वर्ष) निवासी सूर्या चौक चिंगराजपारा सरकंडा शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लोहे की धारदार तलवार और चापड़ बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक विदेशीराम साहू, शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक रंतिज खांडे, वीरेन्द्र साहू, विवेक राय एवं संजीव जांगड़े की सराहनीय भूमिका रही।
