131 किलो से अधिक गांजा के साथ महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

दो कारों में उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजा, पुलिस ने 72.45 लाख रुपये की संपत्ति की जब्त

 

धमतरी। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 131.668 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के पांच अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, तस्करी में इस्तेमाल की गई दो कारें और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 72 लाख 45 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 15 नवंबर को सायबर थाना एवं अर्जुनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रही दो कारों में भारी मात्रा में गांजा का परिवहन किया जा रहा है।

 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने श्यामतराई नाका पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध टाटा नैनो कार क्रमांक CG 07 MA 4067 और स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MH 04 GD 7906 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों वाहनों से कुल 131.668 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर दोनों कारों और मोबाइल फोन सहित गांजा जब्त कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27 वर्ष), रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31 वर्ष), राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस (32 वर्ष), लखन गुलाब बेलदार (34 वर्ष) और गणेश विजय पाटिल (29 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के निवासी हैं।

 

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 65 लाख 83 हजार 400 रुपये है। वहीं टाटा नैनो कार की कीमत 50 हजार रुपये, स्विफ्ट डिजायर की कीमत 5 लाख रुपये और पांच मोबाइल फोन की कीमत 1 लाख 12 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल जब्ती की कीमत 72 लाख 45 हजार 400 रुपये बताई गई है।

 

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गांजे के वास्तविक स्रोत, तस्करी के नेटवर्क, परिवहन मार्ग और संभावित खरीदारों के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।