✍️ भागीरथी यादव
तीन NDPS और एक चोरी का आरोपी शामिल, कंबल के सहारे जेल की ऊंची दीवार पार कर भागे कैदी; पांचवां कैदी गिरने से पकड़ा गया
महासमुंद। महासमुंद जिला जेल से सोमवार सुबह चार कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चार कैदी ऊंची दीवार फांदकर भागने में सफल हो गए। फरार कैदियों में तीन NDPS एक्ट के आरोपी और एक चोरी का आरोपी शामिल है। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। फरार होने वाले कैदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर, राजेन्द्र और पंचराम के रूप में हुई है। इनमें धरमवीर, लीलाधर और राजेन्द्र पर मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने के आरोप में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि पंचराम चोरी के मामले में जेल में बंद था।
बताया जा रहा है कि जेल से भागने की योजना पांच कैदियों ने बनाई थी। इसके लिए उन्होंने जेल में उपलब्ध कंबलों का इस्तेमाल कर दीवार तक पहुंचने और उसे पार करने का प्रयास किया। इस दौरान चार कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करने में असफल रहा और नीचे गिर पड़ा। जेल प्रबंधन ने उसे पकड़कर वापस अपने कब्जे में ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुट गई हैं। वहीं, जेल की सुरक्षा व्यवस्था में हुई इस बड़ी चूक को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस फरार कैदियों की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
