बाइक पर रॉकेट लिखकर तेज रफ्तार से घूम रहे दो युवक गिरफ्तार देखें वीडियो….

✍️ भागीरथी यादव

 

छेड़छाड़, मारपीट और लूटपाट की आशंका के बीच कुरूद पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, न्यायालय में किए गए पेश

 

धमतरी। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध धमतरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कुरूद थाना क्षेत्र में बिना नंबर की बाइक पर तेज रफ्तार से घूम रहे दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरूद क्षेत्र में पिछले कई दिनों से एक बिना नंबर की बाइक पर दो युवक घूम रहे थे। बाइक पर रॉकेट लिखा हुआ था और दोनों युवक तेज रफ्तार से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त बताए जा रहे थे। उनके कारण क्षेत्र में छेड़छाड़, मारपीट एवं लूटपाट जैसी घटनाओं की आशंका को लेकर आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।

 

मामले की सूचना मिलते ही थाना कुरूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

 

गिरफ्तार युवकों में मंगल सोनवानी (21 वर्ष), पिता बृज कुमार सोनवानी, निवासी भरदा चौक कुरूद तथा पुष्पेंद्र चांदी (19 वर्ष), पिता स्व. गांधी रामचंद्र, निवासी पैरसट्ठी, करेली बड़ी, थाना मगरलोड शामिल हैं।

 

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।