✍️ भागीरथी यादव
छठ पूजा को लेकर घाट पर दिखा उत्साहपूर्ण माहौल, छठी मैया के जयकारों से गूंजा पूरा परिसर
कोरबा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर कोरबा स्थित छठ घाट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, पुरुष और उनके परिजन पूजा की तैयारियों के साथ घाट पहुंचने लगे। देखते ही देखते पूरा छठ घाट श्रद्धालुओं से भर गया। चारों ओर छठी मैया के जयकारे और भक्तिमय गीतों की गूंज सुनाई देने लगी।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्यदेव की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु एवं खुशहाली की कामना की। व्रतधारियों ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित पूजा सामग्री सजाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
छठ घाट पर उमड़ी भीड़ ने पर्व की भव्यता और लोगों की अटूट आस्था को दर्शाया। परिवार के सदस्यों और बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। छठ महापर्व के दौरान घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने कोरबा में पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया।
