सिरमिना सहकारी समिति में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ

जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम की उपस्थिति में शुरू हुई खरीदी, पहले दिन दो किसानों ने बेचा 68 क्विंटल धान

 

सुशील जायसवाल

 

कोरबा (सिरमिना)। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सिरमिना में रविवार, 15 नवंबर को खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों एवं किसानों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी प्रक्रिया शुरू हुई। नए खरीदी सत्र के आगाज से क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ उपसरपंच अनुराग जायसवाल, समिति प्रबंधक आनंद कुमार कौशिक, फड़ प्रभारी संजय कुमार पुलस्त, कंप्यूटर ऑपरेटर रघुनंदन सिंह, बारदाना प्रभारी राजपाल मरकाम, कार्यालय प्रभारी रमेश कुमार सोरठे, लालजी पाण्डेय, संत राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

 

पहले दिन दो किसानों ने बेचा 68 क्विंटल धान

 

धान खरीदी के पहले दिन ग्राम सिरमिना निवासी किसान लालचंद साहू, पिता मोहर लाल साहू ने 51.20 क्विंटल धान का विक्रय किया। वहीं ग्राम अटारी निवासी किसान रामनारायण, पिता नान्हू राम ने अपने टोकन के अनुसार 16.80 क्विंटल धान बेचा। इस तरह पहले दिन समिति में कुल 68 क्विंटल धान की खरीदी हुई।

 

खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए समिति प्रबंधन द्वारा तौल, बारदाना एवं कंप्यूटर संबंधी व्यवस्थाएं की गईं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

अन्नदाता किसानों की मेहनत से देश की पहचान : विद्वान सिंह मरकाम

 

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम ने किसानों को नए खरीदी सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्नदाता किसान देश की शान हैं। उनकी मेहनत और परिश्रम से ही खेतों में फसल तैयार होती है और देश की खाद्य आवश्यकताएं पूरी होती हैं। किसानों के सम्मान और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत कर फसल तैयार करते हैं। ऐसे में धान खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता, समयबद्धता और बेहतर व्यवस्था जरूरी है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

व्यवस्थित खरीदी की उम्मीद

 

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि पूरे खरीदी सत्र के दौरान समिति में शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से धान खरीदी की जाएगी। साथ ही किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

 

गौरतलब है कि सिरमिना एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में किसान खेती-किसानी पर निर्भर हैं। ऐसे में सहकारी समिति का धान खरीदी केंद्र किसानों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खरीदी शुरू होने के साथ ही अब क्षेत्र के किसान अपनी मेहनत से तैयार धान की उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे।