iPhone खरीदने के बाद आखिर क्या हुआ? कॉम्प्लेक्स के शौचालय में मिला युवक का शव…

✍️ भागीरथी यादव

 

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम 20 वर्षीय युवक ने सार्वजनिक शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि युवक कुछ देर पहले ही एक मोबाइल दुकान से किस्तों पर आईफोन खरीदकर निकला था। मोबाइल खरीदने के बाद उसके पास एक फोन आया और फिर वह कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में चला गया। कुछ देर बाद वहां उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

 

मृतक की पहचान निहाल सिंह (20) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को निहाल आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पर पहुंचा था। यहां उसने किस्तों पर आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी की। दुकान संचालक के मुताबिक, मोबाइल खरीदने के बाद निहाल के पास किसी का फोन आया था। फोन पर बातचीत करने के बाद वह दुकान से निकलकर कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट की ओर चला गया।

 

बताया जा रहा है कि शाम करीब 4:30 बजे बेसमेंट स्थित सार्वजनिक शौचालय में उसने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही कॉम्प्लेक्स में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सुपेला पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।

 

फोन पर बातचीत के बाद बेसमेंट में गया था युवक

 

दुकान संचालक के अनुसार, आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निहाल के पास फोन आया था। बताया गया कि वह सोशल मीडिया से जुड़ी किसी बात को लेकर बातचीत कर रहा था। हालांकि, फोन पर हुई बातचीत और युवक के इस आत्मघाती कदम के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

 

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच में जुटी है। युवक ने आखिर किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाया, इसका पता पुलिस जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद ही चल सकेगा।