प्राथमिक शाला केंदई में उत्साह के साथ मनाया गया बाल दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती

खेलकूद, चित्रकला, भाषण, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का हुआ समापन

 

सुशील जायसवाल

 

कोरबा (केंदई)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत केंदई स्थित प्राथमिक शाला में 14 नवंबर को बाल दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन एवं बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालकर की गई। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस, आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान तथा अंग्रेजी शासन के विरुद्ध किए गए आंदोलन को भी याद किया गया।

 

आयोजन के तहत विद्यार्थियों के लिए खेलकूद, चित्रकला, भाषण, निबंध लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चित्रकला एवं रंगोली के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई, वहीं भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं में अपने विचार प्रस्तुत किए। खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी बच्चों का उत्साह देखते ही बना।

 

विद्यालय के शिक्षकों एवं अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। बाल दिवस बच्चों की शिक्षा, अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज की जिम्मेदारी का स्मरण कराने का अवसर भी है।

 

कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। प्राथमिक शाला के प्रधानाध्यापक चमरा सिंह तंवर ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों को बाल दिवस तथा भगवान बिरसा मुंडा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर जनपद सदस्य जवाहर सिंह बिंझवार, ग्राम पंचायत केंदई की सरपंच श्रीमती कुंती सिंह बिंझवार, मंडल अध्यक्ष ऋषि कुमार प्रजापति, शिक्षा समिति अध्यक्ष रघु पाल सिंह, शिव बालक सिंह, हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी के पूर्व प्रभारी प्राचार्य रामाश्रय सिंह तंवर, श्याम भूषण सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

 

सभी अतिथियों ने विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक हैं। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।