खनिज माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, 18 ठिकानों पर छापेमारी; 7 वाहन जब्त

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

कोरबा, 01 जून 2026। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के 18 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर अवैध गतिविधियों की जांच की।

विशेष अभियान के दौरान सीतामढ़ी, बरमपुर, छुराकछार, झोराघाट, कूचापारा, मौहरा, औराभाठा, डुडगा, चाकागुड़ा, कनबेरी, कुदुरमाल, गीतारी, चिचोली, कटबितला, भैंसामुड़ा, भिलाईखुर्द, सुहागपुर और भैसमा क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया गया। जांच में रेत, गिट्टी, मिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन के मामलों का खुलासा हुआ।

कार्रवाई के दौरान अवैध खनिज परिवहन में लगे 7 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें विभिन्न क्षेत्रों से संचालित ट्रैक्टर शामिल हैं, जिन्हें आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए दर्री थाना, बाल्कोनगर थाना तथा खनिज जांच नाका रामपुर, कटघोरा और उरगा में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना और शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।