✍️ भागीरथी यादव
भखारा, मगरलोड और कुरूद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा
धमतरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत 4 अलग-अलग प्रकरणों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी एवं महुआ शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, गांजा, जुआ और सट्टा जैसे अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भखारा, मगरलोड और कुरूद थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

स्कूटी से शराब तस्करी करते दो युवक धराए
थाना भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी क्रमांक CG 05 AS 9740 को रोककर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान दिनेश साहू और वेद प्रकाश सेन के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब (5.4 बल्क लीटर) बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ करीब 50 हजार रुपये कीमत की स्कूटी जब्त कर कुल 52,400 रुपये का माल बरामद किया।

महुआ शराब बेच रही महिला गिरफ्तार
भखारा थाना क्षेत्र के हंचलपुर इलाके में अवैध महुआ शराब बेचने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर हेमेश्वरी बंजारे को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की गई।

पुलिया के पास शराब बिक्री करते युवक पर कार्रवाई
मगरलोड थाना पुलिस ने ग्राम परसाबुड़ा कमारपारा पुलिया के पास रेड कार्रवाई कर बलराम कमार को पकड़ा। आरोपी के पास से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
मोटरसाइकिल से शराब परिवहन कर रहा आरोपी पकड़ा गया
थाना कुरूद पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से अवैध शराब ले जा रहे नोहर सिंह साहू को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 40 पौवा शोले देशी मसाला शराब (7.2 बल्क लीटर) बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा, जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
