कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डीजल चोरी गिरोह का मास्टरमाइंड नवीन कश्यप गिरफ्तार, 10 हजार का इनामी आरोपी था फरार

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

गेवरा-कुसमुंडा खदानों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार, दो स्कार्पियो वाहन जब्त

कोरबा, 02 जून 2026। जिले में डीजल चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना दीपका पुलिस ने गेवरा एवं कुसमुंडा खदान क्षेत्रों से डीजल चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह के मास्टरमाइंड नवीन कश्यप सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नवीन कश्यप पिछले डेढ़ वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नवीन कश्यप (34 वर्ष), परमेश्वर सारथी (28 वर्ष) और सब्बीर मेमन (35 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं और लंबे समय से डीजल चोरी के संगठित नेटवर्क से जुड़े हुए थे।

पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से 9 आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके थे, जबकि वर्तमान कार्रवाई में 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पुलिस 2500 लीटर चोरी का डीजल भी बरामद कर चुकी है।

घटना के संबंध में थाना दीपका में दर्ज अपराध क्रमांक 437/2024 एवं 114/2026 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त दो स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 28 P 6555 और CG 12 BU 6064 भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 1 जून की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह का सरगना नवीन कश्यप जांजगीर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे तथा उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कोरबा पुलिस का कहना है कि खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।