✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिलेभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 26 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों एवं यातायात इकाइयों द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई। अभियान के दौरान 5 चार पहिया वाहन चालक तथा 21 दो पहिया वाहन चालक शराब के प्रभाव में वाहन चलाते मिले। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालकों को न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
कोरबा पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना शामिल है। नशे की अवस्था में वाहन चालक की निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है, प्रतिक्रिया समय बढ़ जाता है और अचानक उत्पन्न परिस्थितियों में वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना कठिन हो जाता है। यही वजह है कि ऐसे मामलों में दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब सेवन के बाद किसी भी स्थिति में वाहन का संचालन न करें। यातायात नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक बनने में सहयोग करें।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
