प्रेम और शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषण, पॉक्सो एक्ट के आरोपी को रूद्री पुलिस ने भेजा जेल

✍️ भागीरथी यादव

 

धमतरी। जिले में महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूद्री पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म एवं लैंगिक शोषण के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर थाना रूद्री में अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पीड़िता का बयान दर्ज किया गया, चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। जांच में यह आरोप सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को प्रेम संबंध और विवाह का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया।

साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी हरिशंकर सेन (19 वर्ष), पिता सेवकराम सेन, निवासी थाना रूद्री, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।