टोनही बताकर महिला को किया प्रताड़ित, आरोपी गिरफ्तार

सुशील जायसवाल

 

 

“मैं अपनी तांत्रिक शक्ति से पहचान चुका हूं, तुम टोनही हो” कहकर दी धमकी

टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई, न्यायालय ने भेजा जेल

कोरबी-चोटिया। पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबी पुलिस चौकी में अंधविश्वास और टोनही प्रथा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव की एक महिला को जादू-टोना करने वाली और “टोनही” बताकर लगातार प्रताड़ित करने, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पनगवां निवासी बालकुंवर कुसरो (55 वर्ष) ने कोरबी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही इतवार सिंह धनुहार (52 वर्ष) द्वारा उसे टोनही बताकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

शिकायत के मुताबिक 29 मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी महिला के घर के पास पहुंचा और कहा, “तुम गांव के लोगों को जादू-टोना करती हो, मैं अपनी तांत्रिक शक्ति से तुम्हें पहचान चुका हूं, तुम टोनही हो।” इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की प्रत्यक्षदर्शी गांव की ही एक महिला बताई जा रही है, जिसने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर कार्रवाई की।

अंधविश्वास फैलाना और टोनही बताना दंडनीय अपराध

छत्तीसगढ़ में महिलाओं को टोनही बताकर प्रताड़ित करने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम लागू है। इस कानून के तहत किसी महिला को टोनही घोषित करना, अपमानित करना, सामाजिक रूप से बहिष्कृत करना या मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना देना गंभीर अपराध माना जाता है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) तथा टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया।

गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी इतवार सिंह धनुहार, पिता स्वर्गीय ज्ञानशाय धनुहार, उम्र 52 वर्ष, निवासी पनगवां को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय कटघोरा में पेश किया गया, जहां जमानत आवेदन निरस्त होने पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

अंधविश्वास के खिलाफ पुलिस का सख्त संदेश

इस कार्रवाई को क्षेत्र में अंधविश्वास और टोनही प्रथा के खिलाफ पुलिस की सख्त पहल के रूप में देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आज भी कई गांवों में महिलाओं को टोनही बताकर सामाजिक और मानसिक प्रताड़ना दी जाती है। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और पीड़ितों को न्याय मिलेगा।

कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं के खिलाफ अंधविश्वास आधारित आरोप लगाने या टोनही बताकर प्रताड़ित करने की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।