सुशील जयसवाल
पसान (कोरबा)। जिले के सरहदी क्षेत्र एवं विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत पसान में 8 जून से 15 जून 2026 तक स्वर्गीय बललू राम साहू की पुण्य स्मृति में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रभर में उत्साह का माहौल है और आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।
कथा का आयोजन ग्राम पसान स्थित शिव मंदिर यज्ञ स्थल में होगा, जहां प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से हरि इच्छा तक श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का वाचन किया जाएगा। कथा का श्रवण श्रद्धालु जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज के शिष्य एवं सुप्रसिद्ध कथा वाचक बाल व्यास पंडित श्री मारकंडे महाराज (रायपुर) के श्रीमुख से करेंगे।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य तथा सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा। आयोजन के मुख्य यजमान अमरनाथ साहू ने बताया कि धार्मिक और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से इस आयोजन का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और मानवता के संदेश को सशक्त रूप से स्थापित करने का माध्यम है।
आयोजन के मुख्य कर्ताधर्ता दिलीप कुमार साहू ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कथा के साथ प्रतिदिन भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, प्रसाद वितरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारी की गई है। आयोजन को सफल बनाने में दिलीप साहू एवं उनके परिवार के साथ ग्रामवासियों का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है।
आठ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव के दौरान ग्राम पसान आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहेगा। आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति को विश्वास है कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश देगा।
“श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, ज्ञान और सदाचार के माध्यम से जीवन को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है।”
