✍️ भागीरथी यादव
चोरी का सामान एक से दूसरे के हाथों बिका, कोतवाली पुलिस ने एसी आउटडोर, नकदी और मोबाइल किया जब्त
कोरबा, 24 अक्टूबर। कोरबा शहर में शोरूम के सामने से एसी का आउटडोर चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में चोरी के सामान की खरीद-बिक्री की कड़ी सामने आई है। चोरी करने वाले आरोपी के साथ सामान खरीदने वाले दो लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भदरापारा बालको नगर निवासी प्रमोद कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 को जब वह हुंडई शोरूम पहुंचे, तो वहां सामने लगा एसी का आउटडोर गायब मिला। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 877/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुली खरीद-बिक्री की कड़ी
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गुड्डू बरेठ से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने एसी का आउटडोर चोरी कर कृष्णा बसोड़ को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद कृष्णा बसोड़ ने उक्त सामान सैफ खान उर्फ सोनू खान को बेचने की जानकारी दी। इस तरह पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े तीनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एसी आउटडोर, नकद रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में गुड्डू बरेठ (23 वर्ष), निवासी मोतीसागरपारा, कोरबा; कृष्णा बसोड़ (22 वर्ष), निवासी इमलीडुग्गू, कोरबा; तथा सैफ खान उर्फ सोनू खान (22 वर्ष), निवासी गौमाता चौक, इमलीडुग्गू, कोरबा शामिल हैं।
कोरबा पुलिस के अनुसार, जिले में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
