✍️ भागीरथी यादव
टीपी नगर चौक पर मोमबत्तियां जलाकर दी श्रद्धांजलि, आरोपी को कठोरतम सजा देने की उठी मांग
कोरबा। जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बालिका के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे कोरबा को झकझोर कर रख दिया है। घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। मासूम को श्रद्धांजलि देने और मामले में त्वरित न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार शाम प्रेस क्लब कोरबा के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, महिला संगठनों, व्यापारिक संगठनों, पत्रकारों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कैंडल मार्च शाम 5:45 बजे तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब से शुरू हुआ और टीपी नगर चौक पहुंचा। यहां उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर मासूम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी को कठोरतम सजा देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

घटना ने पूरे समाज को झकझोरा : नौशाद खान
प्रेस क्लब कोरबा के अध्यक्ष नौशाद खान ने कहा कि रजगामार में मासूम के साथ हुई बर्बरता और हत्या की घटना अमानवीयता की पराकाष्ठा है। इसी के विरोध में प्रेस क्लब परिवार और शहरवासियों ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध में आरोपी को कानून के तहत कठोरतम सजा मिलनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
त्वरित न्याय और कड़ी सजा की मांग
समाजसेविका कविता सोनी ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि मासूम के साथ इस तरह का अमानवीय कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने मामले की त्वरित सुनवाई और दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की।
साहित्यकारों ने भी घटना को समाज के लिए कलंक बताया। साहित्यकार चतुर्वेदी ने कहा कि आरोपी को सजा दिलाने के लिए पुलिस को न्यायालय में पुख्ता साक्ष्य प्रस्तुत करने चाहिए। साहित्यकार कृष्णकांत चंद्रा ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों में दोषी को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह के अपराध करने वालों को कड़ा संदेश जाए।
भाजपा नेत्री रानी यादव सहित उपस्थित महिला प्रतिनिधियों और विभिन्न महिला संगठनों ने भी मामले की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रकरण चलाने तथा दोषी को कठोरतम दंड देने की मांग की।
आरोपी की पैरवी नहीं करने की घोषणा
कैंडल मार्च में नगर निगम सभापति एवं अधिवक्ता संघ के सचिव नूतन सिंह सहित कई अधिवक्ता शामिल हुए। नूतन सिंह ने घटना को अत्यंत गंभीर और अमानवीय बताते हुए कहा कि इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोपी की पैरवी नहीं करने तथा दोषी को कठोर सजा दिलाने के लिए कानूनी स्तर पर प्रयास करने की बात कही।
फांसी से कम सजा नहीं चाहते लोग : बजरंग अग्रवाल
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने कहा कि इस घटना ने पूरे कोरबा को भीतर तक झकझोर दिया है। लोगों में गहरा आक्रोश है और वे चाहते हैं कि दोषी को कठोरतम सजा मिले। उन्होंने मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
साधना न्यूज की कोरबा जिला प्रमुख रेणु जायसवाल ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि मासूम के साथ ऐसा अपराध सभ्य समाज पर कलंक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के लापता होने की घटनाओं में पुलिस को तत्काल सक्रियता दिखानी चाहिए, ताकि समय रहते उनकी तलाश की जा सके और ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिले।
मुस्लिम यूथ कमेटी ने भी निकाला कैंडल मार्च
घटना के विरोध में मुस्लिम यूथ कमेटी की ओर से भी कैंडल मार्च निकाला गया। समिति के सदस्यों ने टीपी नगर चौक पर मोमबत्तियां जलाकर मासूम को श्रद्धांजलि दी और आरोपी को कठोरतम सजा देने की मांग की। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी अमित चौहान को घटना के बाद देवमट्टी से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना में मौत के कारणों और अन्य परिस्थितियों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कैंडल मार्च के माध्यम से कोरबावासियों ने एकजुट होकर मासूम के प्रति संवेदना व्यक्त की और मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा दोष सिद्ध होने पर आरोपी को कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिले।
