✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गाली-गलौज करने से मना करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। गुस्से में आकर पड़ोसी ने उसके पेट में धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति रायपुर के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती है। मामले में करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 7:30 बजे ग्राम धौराभाठा की है। आरोपी अवधराम साहू (56) अपने घर की बाड़ी में गाली-गलौज कर रहा था। रोशन साहू और एक अन्य पड़ोसी ने उसे ऐसा करने से मना किया। इससे नाराज होकर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और सब्जी काटने वाले स्टील के चाकू से रोशन के पेट पर वार कर दिया।
घायल रोशन को तत्काल रायपुर के उर्मिला अस्पताल ले जाया गया, जहां आईसीयू में उनका उपचार जारी है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन में ईंट के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस ने 24 अक्टूबर को आरोपी अवधराम साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई।
