✍️ भागीरथी यादव
जांजगीर-चांपा, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब सेवन के बाद दो लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों में नगर पंचायत के बीएसपी पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे शामिल हैं। दोनों को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे चार दोस्त पामगढ़ के पुराने अस्पताल परिसर में एक साथ शराब पी रहे थे। कुछ समय बाद उनमें से तीन की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
राम खिलावन जांगड़े ने सिम्स में, जबकि जोहित खरे ने अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरे बीमार युवक का पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। चौथे साथी की स्थिति को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
शराब सेवन के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने और दो लोगों की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। शराब में जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की आशंका के बीच मौतों के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
