चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंटबाजी, चालक गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले कार चालक के खिलाफ कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर वाहन दौड़ाने वाले चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत मौहारपारा निरतू रतनपुर रायपुर रोड में 24 मई की रात से 25 मई की देर रात के बीच एक आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। इस दौरान चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठाकर स्टंटबाजी की, जिससे युवती की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। साथ ही सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

मामले में सेंदरी निवासी धर्मेंद्र सूर्यवंशी की शिकायत पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 263/2026 धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में वाहन चालक की पहचान राहुल कौशिक पिता भागवत कौशिक उम्र 30 वर्ष निवासी सरकंडा बिलासपुर के रूप में हुई।

कोनी पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी, तेज रफ्तार एवं यातायात नियमों का उल्लंघन न करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।