कुदरगढ़ धाम जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो बस से टकराई, महिला की मौत; 14 घायल…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरिया में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा, चार बच्चों समेत घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

 

कोरिया, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रविवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में एक महिला की जान चली गई, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए। चरचा थाना क्षेत्र के नगर गांव के समीप श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो और राजहंस यात्री बस के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए जुट गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग चिरमिरी से कुदरगढ़ देवी धाम में दर्शन करने के लिए निकले थे। रविवार सुबह करीब 7 बजे नगर गांव के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रही राजहंस बस की चपेट में आ गई। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो में बैठे कई लोग घायल हो गए।

 

इस दुर्घटना में चिरमिरी के खोखापानी निवासी रितु सिंह की मौत हो गई। वहीं, चार बच्चों सहित कुल 14 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव के प्रयास किए गए।

 

घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी सक्रिय हुई। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है।