कोरबा के शांतिनगर में युवक पर जानलेवा हमला, 12 से 15 लोगों के पहुंचने का आरोप….

✍️ भागीरथी यादव

 

फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के बाद वारदात, दो चाकू और पांच बाइक जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ा गया

 

कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिनगर में फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, 12 से 15 लोग 8 से 10 बाइक पर सवार होकर रात में पहुंचे और युवक पर डंडे, रॉड, चाकू व तलवार से हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के गले पर वार करने की कोशिश की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी पर भी हमला किया गया। मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

फोन पर दी जा रही थी धमकी

 

पुलिस के अनुसार, शांतिनगर निवासी कुणाल आजाद (21) ने शिकायत दर्ज कराई कि 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से फोन आए। फोन करने वाले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। कुणाल ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद लगातार फोन कर धमकाया जाता रहा।

 

शिकायत के मुताबिक, रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच दोबारा फोन आया और फिर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इसके कुछ देर बाद रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच 12 से 15 लोग 8 से 10 बाइक पर सवार होकर शांतिनगर पहुंच गए। उनके पास डंडे, रॉड, चाकू और तलवार जैसे हथियार थे।

 

गले पर वार करने की कोशिश, साथी पर भी हमला

 

आरोप है कि शांतिनगर पहुंचते ही हमलावरों ने कुणाल पर हमला कर दिया और उसके गले पर वार करने की कोशिश की। कुणाल ने बचाव किया। इस दौरान परिवार के सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, जिससे उसकी जान बच सकी। हमलावरों ने कुणाल के साथी खिलेश साहू को भी निशाना बनाया और उस पर डंडे, रॉड, चाकू व तलवार से हमला किया। परिजनों ने बीच-बचाव कर उसे भी बचाया।

 

दो चाकू और पांच बाइक जब्त

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रेमनगर निवासी रौनक सिंह (24) को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। वहीं, एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और पांच बाइक जब्त की हैं।

 

ASI के बेटे का नाम भी चर्चा में

 

मामले में बांकीमोंगरा थाने में पदस्थ एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) के बेटे का नाम भी सामने आने की जानकारी मिल रही है।

 

फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।