✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। ग्राम पंचायत गोड़मा के आश्रित ग्राम केसला, केसलपुर एवं बासीनखार में सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान सैकड़ों ग्रामीण सोमवार को अपनी समस्या लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे। सरपंच इन्द्रजीत राठिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दिनों में कच्चे रास्तों पर कीचड़ और पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागों को आवेदन-निवेदन किया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।


ज्ञापन में श्यामलाल के घर से अशोक अमरिया के घर की ओर 250 मीटर, बासीनखार सामुदायिक भवन से आनंद अमरिया के घर की ओर 300 मीटर, देवसिंह के घर से छतरपाल के घर की ओर 400 मीटर तथा केसलपुर मेन रोड से प्राथमिक शाला की ओर 300 मीटर सीसी रोड निर्माण की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को 15 दिन का समय देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से समस्या झेल रहे हैं और अब आश्वासन के बजाय सड़क निर्माण की ठोस पहल चाहते हैं।
