कोरबा: जेलगांव चौक से एनटीपीसी गेट तक बंद स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा, पार्षद ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। जेलगांव चौक से एनटीपीसी गेट के बीच सड़क किनारे लगी बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने की मांग को लेकर नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 52 की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य सरोज सांडिल्य ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

 

ज्ञापन में पार्षद ने बताया कि जेलगांव चौक से एनटीपीसी गेट के बीच सड़क किनारे लगी कई स्ट्रीट लाइटें काफी दिनों से बंद पड़ी हैं। इसके कारण शाम और रात के समय सड़क का यह हिस्सा अंधेरे में डूब जाता है। उक्त मार्ग के किनारे बड़ी संख्या में दुकानें संचालित होती हैं और कई स्थानों पर आवारा पशुओं का जमावड़ा भी रहता है।

 

अंधेरे के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। पार्षद ने बताया कि रात्रि के समय इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए स्ट्रीट लाइटों का चालू रहना आवश्यक है।

 

पार्षद सरोज सांडिल्य ने कलेक्टर से संबंधित विभाग को निर्देशित कर बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल जांच एवं मरम्मत कराने तथा उन्हें चालू कराने की मांग की है, ताकि रात के समय आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।