कोरबा: मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, CEC के इस्तीफे की मांग….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने कोरबा में प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों की स्वतंत्र जांच की मांग की।

 

रैली के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया। इसके पश्चात राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में SIR और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा, निर्वाचन आयोग की आईटी एवं डेटा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच, आयोग के भीतर दर्ज आपत्तियों पर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण तथा ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि मतदाता का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों का जवाब देश की जनता के सामने रखने की मांग की। साथ ही निर्वाचन आयोग की निर्णय प्रक्रिया को लेकर सामने आई आपत्तियों की निष्पक्ष जांच को जरूरी बताया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान और पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संविधान, मताधिकार और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।