✍️ भागीरथी यादव
पीएम सूर्य घर योजना में बिलासपुर की एसएस एंटरप्राइजेस पर लापरवाही का आरोप, कलेक्टर से शिकायत
कोरबा। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर प्लांट लगवाने के लिए करीब 1.80 लाख रुपये का भुगतान होने के बाद भी प्लांट स्थापित नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। कुसमुंडा क्षेत्र निवासी हितग्राही रविंद्रराम चंद्रा ने मामले की शिकायत कलेक्टर से करते हुए बिलासपुर की एसएस एंटरप्राइजेस की भूमिका की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार रविंद्रराम चंद्रा ने अपने घर में सोलर प्लांट लगवाने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत आवेदन किया था। योजना की प्रक्रिया के दौरान आशीष पाटनवार और दिग्विजय बैरागी ने कई बार हितग्राही के घर पहुंचकर सर्वे किया। इसके बाद करीब तीन माह पूर्व योजना के तहत लगभग 1.80 लाख रुपये की राशि संबंधित वेंडर के बैंक खाते में भुगतान हो गई।


हितग्राही का आरोप है कि बैंक खाते में राशि का भुगतान होने के बाद सर्वे करने वाले दोनों व्यक्ति उनके घर आना बंद हो गए और अब तक सोलर प्लांट स्थापित नहीं किया गया। हितग्राही का कहना है कि उन्होंने कई बार एसएस एंटरप्राइजेस से प्लांट लगाने अथवा भुगतान की राशि वापस करने का आग्रह किया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मामले को लेकर हितग्राही ने संबंधित बैंक शाखा प्रबंधक को भी लिखित आवेदन दिया है। इसकी प्रति कलेक्टर को दी गई शिकायत के साथ संलग्न की गई है।
हितग्राही ने कलेक्टर से भुगतान की गई राशि, सर्वे प्रक्रिया, सोलर प्लांट की स्थापना में हुई देरी तथा संबंधित वेंडर और सर्वे करने वाले व्यक्तियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने योजना के तहत जल्द सोलर प्लांट स्थापित कराने अथवा राशि वापस दिलाने की भी मांग की है।
अब शिकायत के आधार पर प्रशासन द्वारा की जाने वाली जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
