✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। इंडियन स्ट्रेंथ लिफ्टिंग फेडरेशन (ISLF) के तत्वावधान में 19 से 21 जून 2026 तक दल्लीराजहरा (छत्तीसगढ़) में आयोजित तृतीय वेस्ट जोन नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग एवं इंकलाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप-2026 में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देश के 10 राज्यों से लगभग 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
- कोरबा जिले से तीन खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में भाग लेते हुए पदक हासिल किए और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
तुषार गायकवाड़ ने 60 किलोग्राम बॉडीवेट जूनियर वर्ग में कुल 232.5 किलोग्राम स्ट्रेंथ लिफ्टिंग तथा 67.5 किलोग्राम इंकलाइन बेंच प्रेस का वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं अमित कुमार गुप्ता ने 52 किलोग्राम बॉडीवेट सीनियर वर्ग में स्ट्रेंथ लिफ्टिंग में कुल 200 किलोग्राम तथा इंकलाइन बेंच प्रेस में 45 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
इसी तरह संदीप कुमार महतो ने 85 किलोग्राम बॉडीवेट जूनियर वर्ग में कुल 292.5 किलोग्राम स्ट्रेंथ लिफ्टिंग तथा 80 किलोग्राम इंकलाइन बेंच प्रेस का वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन सितंबर 2026 में किर्गिजस्तान (मध्य एशिया) में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय स्ट्रेंथ लिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अब ये खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
- प्रतियोगिता में टीम मैनेजर एवं कोच दीपक सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ राज्य स्ट्रेंथ लिफ्टिंग संघ के महासचिव हरिनाथ (वीर हनुमान सिंह अवार्डी), अध्यक्ष महेंद्र सिंह टेकाम (अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं अंतरराष्ट्रीय रेफरी), कार्यकारी अध्यक्ष उदल कुमार वाल्मीकि (खेल अलंकार सम्मानित एवं टीम कोच), श्रीमती हेमलता सिदार, मेहुल प्रधान, समीर हुसैन, प्रांजल, दिनेश कंवर, करण यादव, अंशु साहू, लक्ष्य, अमित गुप्ता एवं सुश्री मोनिका सहित अनेक खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
