कोरबा जिले में नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 24 वाहन जब्त

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

“सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा” अभियान के तहत 17 दोपहिया और 7 चारपहिया चालकों पर कार्रवाई, सभी वाहन न्यायालय में होंगे पेश

कोरबा। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस का अभियान लगातार सख्ती के साथ जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सुरक्षित कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 24 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस की कार्रवाई में 17 दोपहिया और 7 चारपहिया वाहन शामिल हैं। सभी 24 वाहनों को जब्त कर नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन चलाने से बचें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।