सिमगा स्कूल में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी गई जानकारी, एचपीवी वैक्सीन के लिए किया गया जागरूक

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला में 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को निःशुल्क टीकाकरण अभियान की जानकारी, स्वास्थ्य जागरूकता की दिलाई गई शपथ

पोड़ी-उपरोड़ा/सिमगा | सुशील जायसवाल

जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में 20 जुलाई 2026 को छात्राओं के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं एचपीवी (HPV) वैक्सीन टीकाकरण विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, बचाव के उपायों तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का प्रमुख कारण है। इससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को यह टीका समय पर लगवाने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।

प्राचार्य ने बताया कि भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है तथा इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता। उन्होंने सभी पात्र छात्राओं से बिना किसी भय या भ्रम के टीकाकरण कराने की अपील की।

कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता और टीकाकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम से प्रेरित होकर 15 वर्ष से कम आयु की छात्राओं ने एचपीवी वैक्सीन लगवाने का संकल्प लिया। अंत में प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने सभी छात्राओं को स्वास्थ्य जागरूकता की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं रुखमणि पूरैना, दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, पुष्पा कुमारी, व्याख्याता रमाकांत कुसरो, पालकगण तथा विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।