अंतरजिला गिरोह के 8 आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल और स्विफ्ट कार बरामद

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी |

धमतरी पुलिस ने डकैती की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में थाना कुरूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक विवेचना और मुखबिर सूचना के आधार पर इस संगठित अपराध का पर्दाफाश किया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम छाती निवासी विमल देशलहरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे वह मगरलोड की ओर जा रहे थे। ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के पास विश्राम के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर 9 हजार रुपये नकद, वीवो मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी (CG 04 KD 9932) लूट ली थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कुरूद में अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल तकनीकी विश्लेषण तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पूछताछ और पहचान परेड में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई एक्टिवा, वीवो मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (CG 04 ND 9188) बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि लूटी गई एक्टिवा को उड़ीसा के नुवापाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

विवेचना में यह भी स्पष्ट हुआ कि वारदात में पांच से अधिक आरोपियों की सक्रिय भूमिका रही तथा कुछ आरोपी लूट की संपत्ति को छिपाने और परिवहन में भी शामिल थे। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने अनुज ध्रुव, भूपेश उर्फ कंज्जे ध्रुवंशी, संजय विश्वकर्मा, राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद, योगेन्द्र उर्फ योगी यादव, तीरथ यादव, अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर तथा पुरन उर्फ राजा रात्रे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।