दिल्ली छात्र लाठीचार्ज की गूंज कोरबा तक, प्रदर्शन से पहले ही NSUI प्रदेश महासचिव विशाल सिंह सहित कई युवा कार्यकर्ता हिरासत में

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित पुलिसिया लाठीचार्ज के विरोध में कोरबा में युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन को पुलिस प्रशासन ने शुरू होने से पहले ही रोक दिया। उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन पहले से अलर्ट मोड में था।

 

जानकारी के अनुसार, युवा कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित घटना के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करना चाहते थे। लेकिन संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पहले ही हिरासत में ले लिया।

 

 

हिरासत में लिए गए प्रमुख नेताओं में NSUI प्रदेश महासचिव विशाल सिंह के अलावा भानु भगत, आशीष बंजारे, प्रतीक पांडे, मनोज महनर, नवनीत सिंह, हर्ष डहरिया, अरविंद राठौर, मनोहर, आनंद चौहान, महेंद्र सिंह, अनिकेत, अभिषेक लहरे और नित्यानंद श्रीवास शामिल हैं।

 

 

कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस ने उन्हें मानिकपुर चौकी परिसर में ही रखा, जहां अस्थायी व्यवस्था की गई।

 

 

पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। वहीं, युवा कांग्रेस और NSUI नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।