✍️ भागीरथी यादव
पाली थाना क्षेत्र के हर्राडीह गांव की घटना, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार; सड़क नहीं होने से शव और घायलों को खाट पर ढोना पड़ा
कोरबा, 27 जुलाई। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम हर्राडीह में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही परिवार पर धारदार हथियार से हुए जानलेवा हमले में 65 वर्षीय समारिन बाई धनवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा हेतराम धनवार (45) और बहू प्रमिला धनवार (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में मृतका के एक परिजन को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे समारिन बाई अपने बेटे और बहू के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और धारदार हथियार से तीनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में समारिन बाई के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हेतराम और प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 तथा पाली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के एक परिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या और हमले की वारदात स्वीकार कर ली। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह, आपसी विवाद और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद हर्राडीह गांव की बदहाल आधारभूत सुविधाएं भी सामने आ गईं। ग्रामीणों के अनुसार गांव तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है। सड़क के अभाव में शव और दोनों घायलों को करीब एक किलोमीटर तक खाट और लकड़ी के सहारे मुख्य मार्ग तक लाना पड़ा, जहां से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव तक शीघ्र पक्की सड़क निर्माण की मांग एक बार फिर उठाई है।
