एकलव्य विद्यालय में फूटा छात्रों का गुस्सा, विधायक के सामने खोली बदहाल व्यवस्था की पोल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

भोजन में कीड़े, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और दवाइयां देने का आरोप, प्राचार्य को हटाने की मांग पर अभिभावकों का प्रदर्शन

छुईकला/कटघोरा।

कटघोरा विकासखंड के छुईकला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को छात्रों और अभिभावकों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह का छात्रों ने घेराव कर विद्यालय की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। बच्चों ने रोते हुए अपनी समस्याएं बताईं और विद्यालय में हो रही कथित अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

छात्रों ने जनप्रतिनिधियों को बताया कि उन्हें परोसे जा रहे भोजन में कीड़े निकल रहे हैं। साथ ही एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थ और दवाइयां भी वितरित की जा रही हैं। उनका आरोप है कि दूषित भोजन और अस्वच्छ पेयजल के कारण कई छात्र खाज-खुजली सहित त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित हो गए हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुधार नहीं किया गया।

अभिभावकों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में विद्यालय में फर्जी नाम से मेस का संचालन किया जा रहा है। साथ ही विद्यालय के वाहनों का दुरुपयोग और मनमानी प्रशासनिक कार्यप्रणाली अपनाई जा रही है। उन्होंने प्राचार्य को तत्काल हटाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने यह भी याद दिलाया कि हाल ही में विद्यालय में एक शिक्षक के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी रिपोर्ट कटघोरा थाने में दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर ही सहायक आयुक्त को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितताएं और लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं छात्रों और अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।