रविदास जयंती पर भाजपा चलाएगी विशेष अभियान

✍️ भागीरथी यादव

 

 

गुरु पूर्णिमा से होगा शुभारंभ, 20 फरवरी 2027 तक 21 हजार स्थानों पर पहुंचेगी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी, 51 हजार मंदिरों में होगा दीपोत्सव

कोरबा, 28 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से देशभर में सात माह तक चलने वाला “समरसता संकल्प अभियान” शुरू करेगी। यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक चलेगा, जिसके माध्यम से संत गुरु रविदास के “बेगमपुरा” दर्शन तथा सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के संदेश को देश के हर गांव और घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इस संबंध में मंगलवार को कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, नवीन अरोरा, रीतू चौरसिया एवं अजय वैष्णव ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

भाजपा नेताओं ने बताया कि अभियान का पहला चरण 28 जुलाई को वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलशों के पूजन के साथ प्रारंभ हुआ। इसके बाद 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कलश पूजन के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर तक जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे 131 कलश देशभर के 21 हजार स्थानों तक पहुंचाए जाएंगे। वहीं गुरु पूर्णिमा पर देशभर के 51 हजार मंदिरों में दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वाराणसी के गंगा घाटों पर भी भव्य दीपमाला कार्यक्रम आयोजित होगा।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि 29 जुलाई से 15 जनवरी तक भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी संत-महात्माओं, धार्मिक नेताओं, कथावाचकों, कीर्तन मंडलियों और भजन गायकों से संपर्क कर संत गुरु रविदास के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।

इसके अतिरिक्त 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से वाराणसी तक एक माह की राष्ट्रव्यापी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए वाराणसी स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली पर संपन्न होगी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास का “बेगमपुरा” दर्शन ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, दुख और चिंता न हो। पार्टी इस अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।