राहवीर योजना: सड़क हादसे में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा ₹25 हजार का पुरस्कार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और आम नागरिकों को मदद के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में राहवीर (गुड समेरिटन) योजना के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में संचालित इस अभियान के माध्यम से लोगों को सड़क हादसों के दौरान घायल व्यक्तियों की मदद करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे गोल्डन ऑवर कहा जाता है, घायल की जान बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान घायल को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो उसके बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

पुलिस के अनुसार, केंद्र सरकार की राहवीर योजना के तहत जो व्यक्ति किसी सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, उसे ₹25,000 का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। वहीं, वर्षभर में चयनित श्रेष्ठ राहवीरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने के साथ ₹1 लाख तक के विशेष पुरस्कार का भी प्रावधान है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत लागू गुड समेरिटन कानून के अनुसार दुर्घटना पीड़ित की मदद करने वाले नागरिक को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कानूनी, पुलिस या न्यायिक कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ता। उसकी पहचान भी उसकी इच्छा के बिना सार्वजनिक नहीं की जाती।

अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, बस स्टैंड, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, पंपलेट, जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर मूकदर्शक न बनें, तत्काल 112 या 108 पर सूचना दें और घायल को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में सहयोग कर मानवता का परिचय दें।