कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

✍️ भागीरथी यादव

 

NSUI ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, छात्राओं ने भोजन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की शिकायत की

 

कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर NSUI के पूर्व जिला सचिव मो. इमरान अली ने जिला प्रशासन से शिकायत की है। 13 अगस्त को छात्रावास पहुंचकर छात्राओं से संवाद के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

 

छात्राओं ने छात्रावास में भोजन व्यवस्था को लेकर शिकायत करते हुए बताया कि दोपहर का भोजन नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराया जाता तथा कई बार केवल दो समय भोजन दिया जाता है। भोजन में हरी सब्जी नहीं बनने, दाल की गुणवत्ता ठीक नहीं होने तथा दाल में अधिक पानी होने की शिकायत भी की गई। निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराने का आरोप भी छात्राओं ने लगाया है।

 

छात्राओं के अनुसार रविवार को कई बार दोपहर का भोजन लगभग तीन बजे उपलब्ध कराया जाता है। वार्डन के देर से उठने के कारण समय पर भोजन और आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई है।

 

बिना अनुमति छात्रावास में प्रवेश का आरोप

 

छात्राओं ने व्यास नामक व्यक्ति द्वारा छात्रावास में बिना अनुमति प्रवेश किए जाने का आरोप लगाया है। छात्राओं के अनुसार संबंधित व्यक्ति स्वयं को छात्रावास का ठेकेदार बताता है और छात्राओं के कमरों तक पहुंचने का प्रयास करता है। छात्राओं ने इसे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला बताते हुए जांच की मांग की है।

 

स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल

 

छात्राओं ने बताया कि बीमारी अथवा मेडिकल समस्या होने पर कई बार उन्हें उचित चिकित्सकीय सहायता नहीं मिल पाती। उन्होंने छात्रावास में प्रत्येक माह मेडिकल कैंप आयोजित किए जाने की मांग की है।

 

वहीं छात्रावास में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने और सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति नहीं होने से छात्राओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

 

जर्जर भवन और शौचालय की समस्या

 

छात्राओं ने छात्रावास भवन की स्थिति को लेकर भी शिकायत की है। उनके अनुसार भवन जर्जर एवं क्षतिग्रस्त स्थिति में है। शौचालय में गेट नहीं होने जैसी मूलभूत समस्या के कारण छात्राओं को असुविधा एवं निजता संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

शिकायत करने पर धमकाने का आरोप

 

छात्राओं ने वार्डन पर शिकायत करने पर धमकाने का आरोप भी लगाया है। छात्राओं के अनुसार उन्हें शिकायत करने पर एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी जाती है। इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।

 

कलेक्टर से तत्काल जांच की मांग

 

NSUI के पूर्व जिला सचिव मो. इमरान अली ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में छात्रावास की सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निरीक्षण एवं जांच कराने की मांग की है। उन्होंने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, सुरक्षित वातावरण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय, सुरक्षा गार्ड तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।

 

उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण मिल सके।

 

ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), कोरबा तथा सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला कोरबा को भी दी गई है।