घर में घुसा तेंदुआ, छह लोगों को किया घायल; तीन की हालत गंभीर……

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

महासमुंद। बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ आबादी के बीच पहुंचकर यादव परिवार के घर में घुस गया। घर के भीतर मौजूद लोगों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना में परिवार के छह सदस्य घायल हुए हैं। घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनमें तीन घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान उत्तरी बाई किसी काम से बाहर निकलीं, तभी अचानक उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उन पर झपटकर हमला कर दिया और इसके बाद घर के अंदर प्रवेश कर गया। कमरे में मौजूद अन्य लोगों ने तेंदुए को देखकर बचने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उसने कई लोगों को घायल कर दिया।

हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं। उत्तरी बाई के चेहरे व गले, सुनीता यादव की आंख और चेहरे तथा मनीष यादव के हाथ-पैर में चोटें आई हैं।

अचानक हुए इस हमले के बीच परिवार के सदस्यों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। घटना के समय घर में करीब दस लोग मौजूद थे। सूचना मिलने पर 112 की सहायता से घायलों को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू दल बुलाया गया है। फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है और वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई में जुटी हुई है।