किसानों की 8 मांगों को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने सौंपा ज्ञापन, 7 दिन का अल्टीमेटम

सुशील जयसवाल

 

फसल नुकसान का मुआवजा, कर्जमाफी और धान खरीदी में राहत की मांग; समाधान नहीं होने पर एसडीएम कार्यालय पाली के घेराव की चेतावनी

 

कोरबा। जिले के पाली विकासखंड क्षेत्र में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर किसानों की आठ प्रमुख मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। पार्टी ने प्रशासन को सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर एसडीएम कार्यालय पाली का घेराव किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया है कि 20 नवंबर 2026 से आए अकवान चक्रवात के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों के खेतों का तत्काल विभागीय सर्वे कराकर उचित मुआवजा और फसल बीमा राशि प्रदान की जाए। पार्टी ने यह भी कहा है कि कई किसानों ने धान का फसल बीमा कराया है, लेकिन उन्हें पॉलिसी बॉन्ड और पॉलिसी नंबर उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसके कारण किसान फसल बीमा क्लेम करने में परेशान हो रहे हैं। बीमा क्लेम की प्रक्रिया सरल करने और सभी बीमित किसानों को पॉलिसी बॉन्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

 

इसके अलावा चक्रवात प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने, धान उपार्जन केंद्रों में बिना परेशानी किसानों का पूरा धान खरीदने तथा धान खरीदी की निर्धारित लिमिट के साथ खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2027 तक बढ़ाने की मांग उठाई गई है।

 

ज्ञापन में ग्राम पंचायत रंगोले सहित राणिभांठा, तिवरता, हरदीबाजार तहसील एवं आसपास के राजस्व ग्रामों में किसानों की गिरदावरी और डीसीएस सत्यापन लंबित होने से रिकॉर्ड में शून्य दिखाई देने की समस्या का भी उल्लेख किया गया है। पार्टी ने इसका शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। वहीं जिन किसानों के खसरा नंबर में धान की फसल होने के बावजूद धनिया या अन्य फसल दर्ज कर दी गई है, उसमें तत्काल सुधार करने तथा धान विक्रय के लिए वारिसान की प्रक्रिया पूर्व वर्ष की तरह पहले से प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई है।

 

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान पहले ही प्राकृतिक आपदा और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में सरकारी प्रक्रियाओं की जटिलता और रिकॉर्ड संबंधी त्रुटियों के कारण उन्हें धान बेचने एवं फसल बीमा का लाभ लेने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर सभी समस्याओं का निराकरण करने की मांग की गई है। मांगें पूरी नहीं होने पर पार्टी ने आंदोलन और एसडीएम कार्यालय पाली के घेराव की चेतावनी दी है।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के ब्लॉक एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।