सुशील जयसवाल
कोरबा/कोरबी-चोटिया। जिला जनपद संघ की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार 30 सितंबर को झोराघाट में आयोजित हुई। बैठक में जिले की पांचों जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बड़ी संख्या में जनपद सदस्य शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत करने, जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की रक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला जनपद संघ एवं कार्यकारिणी के पुनर्गठन तथा संगठन के विस्तार को लेकर रणनीति तैयार की गई। तय किया गया कि जिले के सभी ब्लॉकों में चरणबद्ध बैठकें आयोजित कर 121 जनपद सदस्यों से सुझाव और राय ली जाएगी। इसके बाद शासन-प्रशासन के समक्ष मांगों को एकजुट होकर रखा जाएगा।
बैठक में 5 सूत्रीय मांग पत्र भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसमें डीएमएफ मद से प्रत्येक जनपद सदस्य की अनुशंसा पर प्रतिवर्ष कम से कम 25 लाख रुपए के विकास कार्यों को स्वीकृति देने, 15वें वित्त आयोग के तहत जनपद पंचायतों के लिए राशि बढ़ाने, जनपद सदस्यों की वार्षिक विकास निधि 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए करने, मानदेय 5 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपए प्रतिमाह करने तथा सभी जनपद सदस्यों के लिए प्रतिवर्ष 5 लाख रुपए का दुर्घटना/जीवन बीमा कराने की मांग शामिल है।
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि आगामी ब्लॉक स्तरीय बैठकों में सदस्यों से विस्तृत विचार-विमर्श के बाद आवश्यकता के अनुसार अन्य जनहित एवं विकास संबंधी मांगों को भी मांग पत्र में शामिल किया जाएगा। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और मांगों को शासन तक मजबूती से पहुंचाने का संकल्प लिया।
